Snowfall

बुधवार, 29 जुलाई 2020

गौरव सकलानी बना हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का टॉपर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी ने फिर लहराया परचम, मैरिट में पाँच विद्यार्थियों ने प्राप्त किया स्थान।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद का 10वीं और 12वीं का परीक्षा आज जारी होगया। हाईस्कूल में 98.20 फीसद अंकों के साथ टिहरी के गौरव सकलानी  व इंटर में 96.60 फीसद अंकों के साथ ऊधमसिंह नगर की ब्यूटी वत्सल टॉपर रही। गौरव ने 500 में से 491 व ब्यूटी ने 483 अंक प्राप्त किये। इंटर का परीक्षाफल इस बार 80.26 व हाईस्कूल का 76.91 फीसद रहा।
 सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी के गौरव सकलानी ने हाईस्कूल में 98.20 फीसदी अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। गौरव की इस सफलता पर स्वस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में हर्ष और उल्लास का माहौल व्याप्त है। गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने आचार्यजनों और माता पिता को देते हुए भविष्य में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़कर देशसेवा की इच्छा व्यक्त की है। उसके साथ ही सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी से हाईस्कूल में छठे स्थान पर पवन रतूड़ी, सोलहवें स्थान पर गौरव सिंह, तेईसवें स्थान पर रुचिता भट्ट तथा इंटरमीडिएट की राज्य मैरिट सूची में शोभित जैन ने  तेईसवें स्थान पर जगह बनाई है। हाईस्कूल के चार तथा इंटरमीडिएट के एक परीक्षार्थी द्वारा राज्य मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के साथ ही हाईस्कूल में राज्य का टॉपर इस विद्यालय से निकलने पर दिनभर विद्यालय में उत्सव का माहौल बना रहा। प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने मैरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों और उनके माता पिता को बधाई दी है।
      सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गत कई वर्षों से बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। गतवर्ष भी इस विद्यालय से कई बच्चों ने मैरिट में स्थान बनाया था। उत्कृष्ट परीक्षाफल को लेकर टिहरी के विधायक धन सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल, पालिकाध्यक्ष सीमा कृशाली, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश ड्यूडी, भाजपा नेता दिनेश डोभाल सहित अनेक लोगों ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को बधाई दी हैं।
     राज्य में इस बार हाईस्कूल में 1,47,155 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 1,13,191 उत्तीर्ण हुए हैं। गत वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षाफल 0.48 फीसद अधिक रहा। वहीं, इंटर बोर्ड परीक्षा में 1,19,164 छात्र-छात्राओं में से 95,645 परीक्षार्थी पास हुए हैं। इंटर का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में 0.13 फीसद अधिक रहा।

गुरुवार, 16 जुलाई 2020

हरेला पर्व पर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में हुआ वृक्षारोपण, विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री भुवन पंत ने हरेला को बताया पहाड़ की संस्कृति का संवाहक।

    हरेला पर्व पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में एनएसएस इकाई, एचडीएफसी बैंक और टिहरी डैम वन प्रभाग के सयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में अनार के पौधे का रोपण करते हुए विद्या भारती उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री भुवन चंद्र भट्ट ने कहा है कि हरेला पर्व उत्तराखंड की अनूठी संस्कृति, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ ही रोपे गए पौधों को संरक्षण दिया जाना भी नितांत आवश्यक है।
 हरेला पर्व के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में विद्यालय की एनएसएस इकाई से जुड़े विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ ही एचडीएफसी बैंक और टिहरी डैम वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर और आसपास वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अनेक फलदार, छायादार और औषदीय महत्व के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्या भारती उत्तराखंड प्रान्त के संगठन मंत्री भुवन चन्द्र भट्ट ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की शानदार संस्कृति, हरियाली, पशुपालन और पर्यावरण के संरक्षण का संवाहक पर्व है। यह पर्व जहां हमारे लोक संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति लगाव का प्रतीक है वंही यह हमें प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी प्रेरित करता है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के प्रत्येक छात्र-छात्रा और शिक्षकों से एक-एक पौधा लगाने और उसे संरक्षित रखने की अपील की है।
   इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने टिहरी डैम वन प्रभाग और एचडीएफसी बैंक का विद्यालय में हरेला पर्व के आयोजन को सफल बनाने पर आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में रोपे गए सभी पौधों को संरक्षित रखने को लेकर आस्वस्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रजाति के पौधों के रखरखाव व संरक्षित करने का दायित्व विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों व शिक्षको को दिया जाएगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी सभी ने संकल्प लिया।
      इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी शेखर सिंह राणा, उप क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह रौथाण, वन दरोगा रमेश चन्द्र, एचडीएफसी बैंक प्रबंधक सौरभ रमोला, बैंककर्मी आलोक रतूड़ी, एनएसएस इकाई से जुड़े राजेन्द्र मिश्रवान, दिनेश चंद्र बहुगुणा, मनोज सकलानी, रमेश रतूड़ी, मयंक भट्ट, रेखा डोभाल ,कुसुम भट्ट और रेखा भट्ट सहित कई एनएसएस स्वयंसेवी छात्र छात्राएं मौजूद थे।

बुधवार, 8 जुलाई 2020

शिक्षकों को 31 जुलाई तक न बुलाया जाय स्कूल, घरो से ही करवाया जाए ऑनलाइन शिक्षण। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सचिव ने राज्यों को भेजा पत्र।

 
मानव संसाधन और विकास मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षा सचिवों को पत्र लिखकर 31 जुलाई तक स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को बंद रखने और शिक्षकों को स्कूल बुलाने के बजाय घर से काम करने के लिए कहा है। पत्र में सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से 50% तक शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को "तत्काल प्रशासनिक कार्य" के लिए स्कूल बुलाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए भी कहा गया है।
    स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की सचिव अनीता करवाल  द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि "गृह मंत्रालय ने अनलॉक 2 पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत यह निर्देश दिया गया है कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 जुलाई, 2020 तक बंद रहेंगे और ऑनलाइन / दूरस्थ शिक्षा की अनुमति जारी रहेगी और इसे प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों से घरों से ही ऑनलाइन शिक्षण जारी रखा जाय तथा उन्हें स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षिक संस्थानों में नहीं बुलाया जाय। पत्र में करवाल ने सभी राज्यों  के  शिक्षा विभाग से अनुरोध किया कि वह स्कूलों और कॉलेजों के बंद रखने के आदेशों का अनुपालन और कड़ाई से कार्यान्वयन सुनिश्चित करे और सभी संबंधित अधिकारियों को उनके सख्त कार्यान्वयन के लिए निर्देशित करे। 

अन्य प्रमुख पोस्ट

Database 1