Snowfall

गुरुवार, 25 फ़रवरी 2021

बच्चों के मन से बोर्ड परीक्षा का भय और तनाव दूर करने के लिए एसवीएम नई टिहरी में आयोजित किया सेमिनार। वक्ताओं ने दिए अनेक उपयोगी सुझाव।


 बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों के मन से परीक्षा की जटिलता का भय और तनाव दूर करने के लिए सरस्वती विद्या मंदिर नई टिहरी में आयोजित सेमिनार में विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अनेक सुझाव दिए गए। इस अवसर पर डायट नई टिहरी के प्राचार्य चेतन प्रसाद नौटियाल सहित अनेक वक्ताओं ने बच्चों का खूब हौसला बढ़ाया। 

  सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में बोर्ड परीक्षार्थियों के मन से परीक्षा का भय व तनाव दूर करने के लिए आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी के प्राचार्य चेतन प्रसाद नौटियाल सहित अनेक गणमान्यजनों ने बच्चों को परीक्षा के बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए अनेक सुझाव दिए। कार्यक्रम का आरम्भ डायट प्राचार्य सीपी नौटियाल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के टिहरी विभाग प्रचारक राजपुष्प जी व विद्यालय के प्रधानाचार्य देवीप्रसाद नौटियाल द्वारा सरस्वती वंदना और दीपप्रजवलित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर डायट प्राचार्य द्वारा विद्यालय के विगत कई वर्षों के परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए गतवर्ष हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र गौरव सकलानी और राज्य मैरिट में स्थान प्राप्त करने वाले अन्य विद्यार्थियों का जमकर मनोबल बढाया। उन्होंने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोविड 19 ने जहां हमारे समक्ष अनेक चुनौतियां खड़ी की है वहीं हमे विषम हालातों में भी आगे बढ़ने के लिए नए नए तरीके भी सीखा दिए हैं। शिक्षण और अध्ययन में इन नए तरीकों के इस्तेमाल से परीक्षा में बेहतर परिणाम प्राप्त किये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का कार्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नही होना चाहिए बल्कि विद्यार्थी के मन मे हर प्रकार से दक्षता का सृजन करना होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को एससीईआरटी के कैरियर कॉन्सिलिंग सहित जिज्ञासा पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्याओं के निवारण के लिए भी प्रेरित किया है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों की तमाम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही उनसे एक सीमा के भीतर ही उनसे अपेक्षा रखे। बच्चों की क्षमताओं का भी ध्यान रखना आवश्यक है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के टिहरी विभाग प्रचारक राजपुष्प जी ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए साथ अच्छे संस्कार देना आवश्यक है। उन्होंने कहा है कि संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए विद्या भारती के विद्यार्थी भारतवर्ष ही नही दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की सफलता शिक्षकों की मेहनत के साथ ही अभिभावकों के योगदान पर ही निर्भर करती है। 

 कार्यक्रम में प्रधानाचार्य देवीप्रसाद नौटियाल ने बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यालय की तैयारियों की प्रगति से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि गतवर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर अभिभावक संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष व अधिवक्ता राम स्वरूप जोशी, डायट के प्रवक्ता शुभराल सिंह नेगी , विद्यालय के उप प्रधानाचार्य दिनेश बहुगुणा आदि ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका रेखा डोभाल ने किया।

मंगलवार, 16 फ़रवरी 2021

बसंत पंचमी पर विद्या मन्दिर नई टिहरी में सरस्वती पूजन के साथ प्रवेशोत्सव का आयोजन कर विद्यार्थियों के प्रवेश आरम्भ।

 नई टिहरी नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसंत पंचमी उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों ने जहां गुरुजनों के तिलक लगा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया वहीं पुस्तकों की पूजा कर वाक देवी मां सरस्वती से विद्या और ज्ञान प्रदान करने की प्रार्थना की गई। इस मौके पर प्रवेशोत्सव के तहत नए विद्यार्थियों के प्रवेश भी आरम्भ किये गए है
    प्रधानाचार्य देवीप्रसाद नौटियाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी हिंदुओं का एक प्रसिद्ध त्यौहार है जिसे श्रीपंचमी भी कहते हैं। यह पूजा पूर्वी भारत, पश्चिमोत्तर बांग्लादेश, नेपाल और कई राष्ट्रों में बड़े उल्लास से मनायी जाती है। हिन्दू कैलेंडर के अनुसार यह त्यौहार माघ महीने के पांचवें दिन पंचमी पर हर साल मनाया जाता है।इस अवसर पर पर छात्र-छात्राओं ने रोचक ढंग से सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस दौरन शिक्षक अभिभावकों तथा विद्यार्थियों ने विधि विधान माँ शारदे का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक रमेश रतूड़ी, दिनेश बहुगुणा, कुसुमलता भट्ट आदि ने भारतीय संस्कृति के बारे में अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर प्रवेशोत्सव का भी आयोजन किया गया जिसके तहत नए विद्यार्थियों को विद्यालय में प्रवेश दिए गए। विद्यालय में नवीन सत्र के लिए आज से प्रवेश आरंभ हो गए हैं साथ ही विद्यार्थी ऑनलाइन मोड़ में भी विद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। 
    


सोमवार, 7 सितंबर 2020

सरस्वती विद्या मंदिर नई टिहरी, में मासिक परीक्षाओं का आयोजन होगा ऑनलाइन.

      सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में ऑनलाइन शिक्षण के साथ साथ अब मासिक परीक्षाओं का आयोजन भी ऑनलाइन मोड़ में होगा. विद्यालय में द्वीतीय मासिक परीक्षाएं आज से आरम्भ हो गयी है. आज कक्षा 9 अ और ब वर्ग के कुल 53 छात्र छात्राओं ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा में अपने घरों से शिक्षिका रेखा डोभाल के ऑनलाइन मार्गदर्शन में प्रतिभाग किया. कोरोना वायरस के संभावित जोखिम को देखते हुए फ़िलहाल विद्यालयों में पठन पाठन बंद है और शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को पढ़ा रहे है. विद्यालय के सभी शिक्षक अब बच्चों के ऑनलाइन मासिक परीक्षाएं ले रहे हैं. मासिक परीक्षाओं के लिए टेस्ट लिंक बच्चों व अभिभावकों के मोबाईल पर भेजे जा रहे है.बच्चे ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा में प्रतिभाग करने में काफी उत्साह और रुचि दिखा रहे हैं.

बुधवार, 29 जुलाई 2020

गौरव सकलानी बना हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का टॉपर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी ने फिर लहराया परचम, मैरिट में पाँच विद्यार्थियों ने प्राप्त किया स्थान।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद का 10वीं और 12वीं का परीक्षा आज जारी होगया। हाईस्कूल में 98.20 फीसद अंकों के साथ टिहरी के गौरव सकलानी  व इंटर में 96.60 फीसद अंकों के साथ ऊधमसिंह नगर की ब्यूटी वत्सल टॉपर रही। गौरव ने 500 में से 491 व ब्यूटी ने 483 अंक प्राप्त किये। इंटर का परीक्षाफल इस बार 80.26 व हाईस्कूल का 76.91 फीसद रहा।
 सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी के गौरव सकलानी ने हाईस्कूल में 98.20 फीसदी अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। गौरव की इस सफलता पर स्वस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में हर्ष और उल्लास का माहौल व्याप्त है। गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने आचार्यजनों और माता पिता को देते हुए भविष्य में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़कर देशसेवा की इच्छा व्यक्त की है। उसके साथ ही सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी से हाईस्कूल में छठे स्थान पर पवन रतूड़ी, सोलहवें स्थान पर गौरव सिंह, तेईसवें स्थान पर रुचिता भट्ट तथा इंटरमीडिएट की राज्य मैरिट सूची में शोभित जैन ने  तेईसवें स्थान पर जगह बनाई है। हाईस्कूल के चार तथा इंटरमीडिएट के एक परीक्षार्थी द्वारा राज्य मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के साथ ही हाईस्कूल में राज्य का टॉपर इस विद्यालय से निकलने पर दिनभर विद्यालय में उत्सव का माहौल बना रहा। प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने मैरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों और उनके माता पिता को बधाई दी है।
      सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गत कई वर्षों से बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। गतवर्ष भी इस विद्यालय से कई बच्चों ने मैरिट में स्थान बनाया था। उत्कृष्ट परीक्षाफल को लेकर टिहरी के विधायक धन सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी सेमवाल, पालिकाध्यक्ष सीमा कृशाली, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश ड्यूडी, भाजपा नेता दिनेश डोभाल सहित अनेक लोगों ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को बधाई दी हैं।
     राज्य में इस बार हाईस्कूल में 1,47,155 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 1,13,191 उत्तीर्ण हुए हैं। गत वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षाफल 0.48 फीसद अधिक रहा। वहीं, इंटर बोर्ड परीक्षा में 1,19,164 छात्र-छात्राओं में से 95,645 परीक्षार्थी पास हुए हैं। इंटर का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में 0.13 फीसद अधिक रहा।

गुरुवार, 16 जुलाई 2020

हरेला पर्व पर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में हुआ वृक्षारोपण, विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री भुवन पंत ने हरेला को बताया पहाड़ की संस्कृति का संवाहक।

    हरेला पर्व पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में एनएसएस इकाई, एचडीएफसी बैंक और टिहरी डैम वन प्रभाग के सयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में अनार के पौधे का रोपण करते हुए विद्या भारती उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री भुवन चंद्र भट्ट ने कहा है कि हरेला पर्व उत्तराखंड की अनूठी संस्कृति, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ ही रोपे गए पौधों को संरक्षण दिया जाना भी नितांत आवश्यक है।
 हरेला पर्व के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में विद्यालय की एनएसएस इकाई से जुड़े विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ ही एचडीएफसी बैंक और टिहरी डैम वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर और आसपास वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अनेक फलदार, छायादार और औषदीय महत्व के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्या भारती उत्तराखंड प्रान्त के संगठन मंत्री भुवन चन्द्र भट्ट ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की शानदार संस्कृति, हरियाली, पशुपालन और पर्यावरण के संरक्षण का संवाहक पर्व है। यह पर्व जहां हमारे लोक संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति लगाव का प्रतीक है वंही यह हमें प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी प्रेरित करता है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के प्रत्येक छात्र-छात्रा और शिक्षकों से एक-एक पौधा लगाने और उसे संरक्षित रखने की अपील की है।
   इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने टिहरी डैम वन प्रभाग और एचडीएफसी बैंक का विद्यालय में हरेला पर्व के आयोजन को सफल बनाने पर आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में रोपे गए सभी पौधों को संरक्षित रखने को लेकर आस्वस्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रजाति के पौधों के रखरखाव व संरक्षित करने का दायित्व विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों व शिक्षको को दिया जाएगा। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी सभी ने संकल्प लिया।
      इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी शेखर सिंह राणा, उप क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह रौथाण, वन दरोगा रमेश चन्द्र, एचडीएफसी बैंक प्रबंधक सौरभ रमोला, बैंककर्मी आलोक रतूड़ी, एनएसएस इकाई से जुड़े राजेन्द्र मिश्रवान, दिनेश चंद्र बहुगुणा, मनोज सकलानी, रमेश रतूड़ी, मयंक भट्ट, रेखा डोभाल ,कुसुम भट्ट और रेखा भट्ट सहित कई एनएसएस स्वयंसेवी छात्र छात्राएं मौजूद थे।

बुधवार, 8 जुलाई 2020

शिक्षकों को 31 जुलाई तक न बुलाया जाय स्कूल, घरो से ही करवाया जाए ऑनलाइन शिक्षण। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सचिव ने राज्यों को भेजा पत्र।

 
मानव संसाधन और विकास मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षा सचिवों को पत्र लिखकर 31 जुलाई तक स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को बंद रखने और शिक्षकों को स्कूल बुलाने के बजाय घर से काम करने के लिए कहा है। पत्र में सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से 50% तक शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को "तत्काल प्रशासनिक कार्य" के लिए स्कूल बुलाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए भी कहा गया है।
    स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की सचिव अनीता करवाल  द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि "गृह मंत्रालय ने अनलॉक 2 पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत यह निर्देश दिया गया है कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान 31 जुलाई, 2020 तक बंद रहेंगे और ऑनलाइन / दूरस्थ शिक्षा की अनुमति जारी रहेगी और इसे प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों से घरों से ही ऑनलाइन शिक्षण जारी रखा जाय तथा उन्हें स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षिक संस्थानों में नहीं बुलाया जाय। पत्र में करवाल ने सभी राज्यों  के  शिक्षा विभाग से अनुरोध किया कि वह स्कूलों और कॉलेजों के बंद रखने के आदेशों का अनुपालन और कड़ाई से कार्यान्वयन सुनिश्चित करे और सभी संबंधित अधिकारियों को उनके सख्त कार्यान्वयन के लिए निर्देशित करे। 

शनिवार, 25 अप्रैल 2020

विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में शैक्षिक सत्र 2020-21 के लिए ऑनलाइन प्रवेश हुए आरम्भ, यहाँ करें ऑनलाइन आवेदन

कोरोना वायरस के कारण  लॉकडाउन के बीच सत्र 2020-21 के लिए सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में ऑनलाइन प्रवेश की प्रकिया शुरू कर दी गयी है। उत्तराखंड में 15 मई तक स्कूल बंद रहने वाले हैं, ऐसे में हर साल जहां अप्रैल से नए सेशन के तहत कक्षाओं की शुरुआत हो जाती थी और नए छात्र भी प्रवेश ले लेते थे वहीँ इस बार स्थिति कुछ अलग है. लॉकडाउन के चलते शैक्षिक सत्र पिछड़ने की संभावना को देखते हुए विद्यालय स्तर पर ऑनलाइन क्लासेज के साथ ही अब ऑनलाइन प्रवेश आरम्भ किये गए हैं.
    प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने कहाँ है कि लॉकडाउन को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिसके माध्यम से बहुत सरल ढंग से विद्यार्थी व अभिभावक आवेदन कर सकते हैं. इसमें अभी फीस प्रोसेस का प्रावधान नहीं किया गया है, स्कूल खुलने के बाद ही नए एडमिशन के तहत फीस ली जायेगी. उन्होंने कहा है के विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्रों को ई कक्षाओं में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों व छात्र छात्राओं से ई क्लासेज में गंभीरता से प्रतिभाग करने की अपील की है.
ऐसे करें ऑनलाइन प्रवेश के लिए आवेदन.
   सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में ऑनलाइन प्रवेश की प्रकिया शुरू कर दी गयी आगे है। अभिभावक और छात्र छात्राएं बेहद सरल तरीके से ऑनलाइन आवेदन के प्रक्रिया को संपन्न कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन का विकल्प वेबपेज "हिमतरंगिनी" के सभी पृष्ठों के दाहिनी और दिए स्तम्भ में मौजूद है. प्रवेश चाहने वाले अभिभावक और छात्र छात्राएं मांगी गयी सूचनाएं इस फॉर्म में भरकर Submit कर आवेदन कर सकते हैं. शार्थी प्रवेश के लिए केवल एक बार ही आवेदन करें और ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म पर सही सूचनाएं अंकित करें.

बुधवार, 15 अप्रैल 2020

Tata Sky और Airtel DTH पर निःशुल्क होगा 3 स्वंय प्रभा शैक्षिक चैनलों का प्रसारण। लॉकडाउन में स्कूली बच्चों को मिलेगा लाभ।

     लॉकडाउन के कारण स्कूली बच्चों की जहां बोर्ड परीक्षाएं बाधित हुई हैं वहीं उनकी पढ़ाई पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है। हालांकि, केंद्र सरकार ने इसके लिए भी उपाय किए हैं। लॉकडाउन के दौरान अब Tata Sky और Airtel DTH मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे 3 शैक्षिक स्वंयप्रभा चैनलों को प्रसारित करेंगे। मंत्रालय की ओर से यह घोषणा की गई है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने Tata Sky और Airtel DTH ऑपरेटरों से अपील की थी कि वे घर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और अधिक से अधिक छात्रों तक इन चैनलों की पहुंच बढ़ाएं।
     केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण उत्पन्ना हुई इस कठिन परिस्थिति में भी छात्र घर से ही अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। अब देश भर में कहीं भी कोई छात्र निशुल्क के इन चैनलों के लिए डीटीएच सेवा प्रदाता से अनुरोध कर सकता है। ये चैनल पूरी तरह निशुल्क हैं उधर मानव संसाधन मंत्री निशंक ने बताया कि छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए Tata Sky और Airtel DTH सर्विस प्रोवाइडर से अपने डीटीएच प्लेटफॉर्म पर कुछ स्वयंप्रभा चैनलों को प्रसारित करने का आग्रह किया गया था जिस पर वे सहमत हो गए हैं।
     उल्लेखनीय है कि स्वयंप्रभा 32 चैनलों का एक समूह है, जो देश भर के सभी शिक्षकों, छात्रों और नागरिकों को कला, विज्ञान, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान और मानविकी विषयों, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और कृषि जैसे विविध विषयों की पाठ्यक्रम आधारित शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराता है। ये चैनल पहले केवल डीडी -डीटीएच, डिश टीवी और जियो टीवी ऐप पर उपलब्ध थे अब यह Tata Sky और Airtel DTH पर भी उपलव्ध हो सकेंगे। इन चैनलों में माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक स्तर के सभी विषयों की कक्षाओं का प्रसारण होता है। लॉकडाउन में सरकार का यह प्रयास विद्यार्थियों के लिए कारगर सावित हो सकता है।

अन्य प्रमुख पोस्ट

Database 1